दंतेवाड़ा: मेटापाल शिविर में उमड़े ग्रामीण, मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर मौके पर ही मिले आयुष्मान और राशन कार्ड

मेटापाल (दंतेवाड़ा)।
केंद्र की मोदी सरकार के सफल 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में दंतेवाड़ा जिले के ग्राम पंचायत मेटापाल में आयोजित तीन दिवसीय महा-पंजीकरण एवं जनकल्याण शिविर का भव्य समापन हो गया। इस तीन दिवसीय अभियान का सीधा असर ग्राउंड ज़ीरो पर देखने को मिला, जहाँ दूरस्थ वनांचल से पहुंचे ग्रामीणों को दफ्तरों के चक्कर काटे बिना, अपने ही गांव में सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिला।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे स्थानीय विधायक श्री चैतराम अटामी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विगत 12 वर्षों में विकास की किरण समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंची है। आयुष्मान भारत, पीएम आवास और उज्ज्वला जैसी दूरदर्शी योजनाओं ने गरीबों का जीवन स्तर बदला है।”
मौके पर ही कटे राशन कार्ड, 20 ग्रामीणों को मिला आयुष्मान का सुरक्षा कवच
इस तीन दिवसीय शिविर की सबसे बड़ी उपलब्धि स्वास्थ्य और खाद्य विभाग का त्वरित एक्शन रहा।
शिविर के दौरान:
आयुष्मान कार्ड वितरण: 15 से 20 पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही आयुष्मान कार्ड सौंपे गए, जबकि 16 नए परिवारों का तत्काल नया पंजीयन किया गया।
राशन कार्ड में नाम जोड़ना: स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए ऐसे 12 सदस्यों की पहचान की जिनके नाम राशन कार्ड में नहीं थे। प्रशासनिक टीम ने तुरंत उनके नाम राशन कार्ड में जोड़े और हाथ के हाथ उनका आयुष्मान कार्ड भी जनरेट किया।
बच्चों का आधार: बाल कल्याण को प्राथमिकता देते हुए 5 वर्ष से कम उम्र के 7 बच्चों का नया आधार कार्ड भी मौके पर बनाया गया।
किसानों को KCC और दिव्यांगों को मिली व्हीलचेयर
प्रशासनिक अमले ने स्टॉल लगाकर केवल कागजी कार्रवाई नहीं की, बल्कि तत्काल राहत सामग्री का वितरण भी किया। समाज कल्याण विभाग की ओर से 6 दिव्यांगों को व्हीलचेयर, बैसाखी और फोल्डिंग स्टिक बांटी गई। वहीं कृषि विभाग ने किसानों को वित्तीय मजबूती देने के लिए किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) सौंपे। मत्स्य विभाग की तरफ से ग्राम जारम के अनूप भास्कर को आजीविका के लिए आइस बॉक्स प्रदान किया गया।
बड़े नेताओं और प्रशासनिक अफसरों की रही मौजूदगी
इस वृहद आयोजन में जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य ओजस्वी मंडावी, जनपद अध्यक्ष सुनीता भास्कर, नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता सहित क्षेत्र के तमाम वरिष्ठ जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
पूरे आयोजन को अमलीजामा पहनाने में नोडल अधिकारी व अपर कलेक्टर राजेश पात्रे और जनपद सीईओ प्रदीप पटेल की प्रशासनिक टीम का विशेष योगदान रहा। अपने घर-आँगन में ही एक साथ कई सरकारी विभागों का काम पूरा होने पर मेटापाल और आस-पास के ग्रामीणों ने जिला प्रशासन का आभार जताया है।
