दंतेवाड़ा में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भव्य आयोजन: इंडोर स्टेडियम में गूंजा ‘योगा 365’ और नशामुक्ति का संकल्प

दंतेवाड़ा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर शुक्रवार को जिला मुख्यालय का इंडोर स्टेडियम पूरी तरह योग के रंग में रंगा नजर आया। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर यहां एक भव्य सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया था। इस बार की थीम भले ही “स्वस्थ आयु के लिए योग” रही हो, लेकिन पूरे कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन का सबसे ज्यादा जोर “योगा 365” के संकल्प पर दिखा। मकसद साफ है—योग को केवल 21 जून के एक इवेंट तक सीमित न रखकर, इसे लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाया जा सके। योग के साथ ही यहां मौजूद सैकड़ों लोगों ने समाज को नशामुक्त बनाने की सामूहिक शपथ भी ली।

विधायक चैतराम अटामी बोले- “भागदौड़ और तनाव भरी जिंदगी का एकमात्र इलाज योग है”

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे क्षेत्रीय विधायक श्री चैतराम अटामी ने दीप प्रज्वलित कर शिविर की शुरुआत की। मंच से लोगों और खासकर युवाओं को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की वह देन है, जो हमारे शरीर, मन और आत्मा को एक सूत्र में पिरोती है।

आज की भागदौड़ वाली लाइफस्टाइल और मानसिक तनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “आज जिस तरह की बीमारियां और तनाव बढ़ रहा है, उसमें नियमित योगाभ्यास ही सबसे कारगर इलाज है। यह सिर्फ शरीर को ही फिट नहीं रखता, बल्कि मन को शांत कर एकाग्रता और कॉन्फिडेंस बढ़ाता है।” उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे जैसी कुरीतियों से दूर रहकर योग को अपनी डेली रूटीन में शामिल करें।

स्टेडियम में जुटे जनप्रनिधि और प्रशासनिक अधिकारी, सबने एक साथ किया अभ्यास

इस खास मौके पर स्टेडियम में हर वर्ग की भागीदारी देखने को मिली। एक तरफ जहां स्कूली बच्चे और युवा पूरे उत्साह में दिखे, वहीं दूसरी तरफ जिले के तमाम बड़े जनप्रतिनिधि और आला अधिकारी भी चटाई (मैट) पर योग करते नजर आए।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नंदलाल मुड़ामी और नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पायल गुप्ता सहित कई स्थानीय नेता मौजूद रहे। प्रशासनिक अमले से पुलिस अधीक्षक (SP) श्री गौरव राय, डीएफओ श्री रामकृष्णा रंगानाथा वाय, अपर कलेक्टर श्री राजेश पात्रे और एडिशनल एसपी श्री आर.के. बर्मन ने भी योग प्रशिक्षकों के निर्देशों का पालन करते हुए विभिन्न आसन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। पुलिस और नगर सेना के जवानों ने भी इस शिविर में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *