राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर दंतेवाड़ा के स्कूलों में बच्चों को खिलाई गई एलबेंडाजोल की दवा

1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाव के लिए दी जा रही निःशुल्क कृमिनाशक दवा

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर दंतेवाड़ा स्कूल में बच्चों को एलबेंडाजोल की दवा

दंतेवाड़ा, 10 अगस्त 2026। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस 2026 के तहत विकासखंड दंतेवाड़ा की विभिन्न शालाओं में बच्चों को एलबेंडाजोल की कृमिनाशक दवा खिलाई गई। अभियान का उद्देश्य बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाना तथा उनके स्वास्थ्य, पोषण और समग्र विकास को बेहतर बनाना है। स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त समन्वय से जिले में अभियान संचालित किया जा रहा है।

इसी क्रम में शासकीय माध्यमिक शाला चितालंका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में बच्चों को एलबेंडाजोल की दवा खिलाई गई। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर श्री एस. मंडल, जिला स्वास्थ्य अधिकारी श्री अंकित, एनसीडी सलाहकार श्री जीवन नाग, बीपीएम तथा बीईओ श्री संतोष गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए नियमित स्वच्छता अपनाने तथा अभियान के तहत कृमिनाशक दवा लेने के लिए प्रेरित किया। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान के अंतर्गत 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को निःशुल्क कृमिनाशक दवा दी जा रही है। अभियान के तहत 1 से 2 वर्ष की आयु के बच्चों को 200 मिलीग्राम एलबेंडाजोल की आधी गोली पीसकर तथा 2 से 19 वर्ष तक के बच्चों को 400 मिलीग्राम की पूरी गोली चबाकर खिलाई जा रही है।

अभियान के दौरान किसी कारणवश दवा लेने से वंचित रह गए बच्चों को 17 अगस्त 2026 को आयोजित मॉप-अप दिवस पर एलबेंडाजोल की दवा दी जाएगी। स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में यह दवा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।

अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को अभियान के तहत कृमिनाशक दवा अवश्य दिलाएं। नियमित रूप से कृमिनाशक दवा लेने और स्वच्छता संबंधी सावधानियां अपनाने से बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने में मदद मिलती है, जिससे उनका स्वास्थ्य एवं शारीरिक विकास बेहतर हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *