गीदम पॉलिटेक्निक में ‘खेलो इंडिया संवाद’ की धूम: पीएम मोदी के संदेश और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के अनुभवों से युवाओं में जागा जोश
दन्तेवाड़ा। राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर माय भारत केंद्र की तरफ से एनएमडीसी पॉलिटेक्निक डीएवी कॉलेज, गीदम में ‘खेलो इंडिया संवाद’ का जोरदार आयोजन हुआ। कार्यक्रम में पहुंचे युवाओं और खिलाड़ियों ने खेल के जरिए अनुशासन, व्यक्तित्व विकास और देश निर्माण का संकल्प लिया।

पीएम मोदी बोले है – “जो खेलेगा, वो खिलेगा”
कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन रहा। पीएम मोदी ने युवाओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि “जो खेलेगा, वो खिलेगा।” उन्होंने खेल को सेहतमंद जिंदगी, मजबूत व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण का सबसे बेहतर माध्यम बताया।
माटी के लाल दीपेश सिन्हा और अतिथियों ने बढ़ाया हौसला
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक चैतराम अटामी मौजूद रहे। वहीं दन्तेवाड़ा की माटी का नाम रोशन करने वाले भारतीय वॉलीबॉल टीम के पूर्व कप्तान दीपेश सिन्हा और अंतरराष्ट्रीय कोच रेणु पारीक की मौजूदगी ने युवाओं का जोश दोगुना कर दिया।
- दीपेश सिन्हा: उन्होंने अपने संघर्ष और सफलता के अनुभव बांटते हुए कहा कि कड़ी मेहनत और अनुशासन से हर मुश्किल आसान हो जाती है। उन्होंने युवाओं से खेल अपनाने और नशे व बुरी आदतों से दूर रहने की अपील की।
- विधायक चैतराम अटामी: उन्होंने कहा कि खेल सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता (लीडरशिप) सिखाते हैं। पढ़ाई के साथ खेलों को भी रोजाना की आदत बनाएं।
- जिला युवा अधिकारी आदित्य पांडे: उन्होंने कहा कि खेल हमें हार से सीख लेकर दोबारा जीतने का जज्बा सिखाते हैं।
क्विज़ प्रतियोगिता में युवाओं ने दिखाया उत्साह
कार्यक्रम के दौरान क्विज़ और सीधा संवाद सत्र आयोजित किया गया, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अंत में कॉलेज के प्राचार्य महेश ठाकुर ने आए हुए सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और युवाओं का धन्यवाद ज्ञापित किया।
